अयोध्या में बनने वाले श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते से ठगों ने लखनऊ के एक बैंक से क्लोन चेक के जरिए 6 लाख रुपए निकाल लिए। जब तीसरे क्लोन चेक से धनराशि निकालने की कोशिश की जा रही थी तो वेरिफिकेशन के दौरान ठगी पकड़ी गई। ट्रस्ट ने अयोध्या कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सीओ अयोध्या राजेश राय के मुताबिक, लखनऊ के एक बैंक से क्लोन चेक बनाकर 1 सितंबर को ढाई लाख और 3 सितंबर को साढ़े 3 लाख रुपए निकाले गए। तीसरी बार जब 9 लाख 86 हजार के फर्जी चेक से बैंक ऑफ बड़ौदा में पैसे निकालने की कोशिश की गई तो वेरीफिकेशन के लिए बैंक अधिकारियों ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को फोन किया।
महासचिव ने इतने बड़े अमाउंट का चेक देने से इंकार कर दिया। इस पर बैंक अधिकारियों ने ट्रांजेक्शन रोक दिया। सीओ ने बताया कि ट्रस्ट के महासचिव ने अयोध्या कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही, साइबर सेल से मदद ली जाएगी
डीआईजी/ एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के द्वारा जानकारी दी गई थी दो फर्जी चेक लगाकर पैसे निकाले गए हैं। यह चेक 1 सितंबर और दूसरा चेक 2 दिन बाद लगाकर पैसा निकाला गया। जब तीसरा चेक लगाया गया तो वेरिफिकेशन में मामला पकड़ा गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2RdIl8Z