मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राना आज तीसरे दिन भी पुलिस की नजरबंदी में रहेंगी। सुमैया ने बताया कि अभी भी अपार्टमेंट के नीचे पुलिसवाले बैठे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने कमिश्नर को फोन किया था लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। फिलहाल पता चला है कि अभी कल तक नजरबंद रखा जाएगा। वहीं इस मुद्दे पर जब हमने सुमैया के पिता मुनव्वर राना से बात की तो उन्होंने कहा सरकार के दिल मे डर बैठ गया है कि अब वह जाने वाली है।
दैनिक भास्कर से बातचीत में मुनव्वर राना ने कहा कि देखिए, जो हालात हैं आजकल देश में, उसके लिए यह औरतें प्रदर्शन करना चाह रही थीं। पुलिस ने धारा 144 बताकर नजरबंद कर दिया। रात 11-12 बजे पुलिस वाले आ गए। यहां तक कि हमारे फ्लैट पर भी आए थे।
आगे वह कहते हैं, "दरअसल जब आदमी के मन में डर बैठ जाता है तो वह चिड़िया मारने वाली बंदूक से भी डरने लगता है। अब इस सरकार के दिल मे डर बैठ गया है कि अब हम चले जायेंगे। क्योंकि जो कानून व्यवस्था के हालात है यूपी में।"
कंगना रनोट के मुद्दे पर बोलते मुनव्वर राना ने कहा कि मुल्क बंटवारे की तरफ बढ़ रहा है। मैं 15 साल से कह रहा हूं कि अब इस मुल्क में अब कोई पाकिस्तान नहीं बनेगा, लेकिन इस हिंदुस्तान में कई हिंदुस्तान बनेंगे। अब आप देखिए मराठा और गैर मराठा में भी बहस शुरू हो गई।
शहर के हालात से वाकिफ नही है सीएम, जुल्म की इंतिहा कर दी है
मुनव्वर राना कहते है कि योगी जी का काफिला तो हमारे ख्याल से सबसे बड़ा काफिला है। इतना तो मैंने अपने जमाने में न तो मुलायम सिंह का देखा न मायावती और न ही अखिलेश का काफिला देखा। शायर की हैसियत से मैं एक बात कहता हूं कि काफिलों से चलने वाले हुकूमत नहीं कर सकते हैं। जितनी सिक्युरिटी कम होगी उतने ज्यादा शहर के हालात से आप वाकिफ होंगे। इन्होंने जुल्म की इंतिहा भी कर दी है। सबसे बड़ी बात ये है कि उनकी भाषा बड़ी अभद्र है। गैर शायराना है। ठोंक दो, पेल दो, मार दो ये सब मतलब क्या है। इन्होंने बहुत परेशान किया।
सरकार हमसे नाराज रहती है
देखिए मेरी बेटी को नजरबंद क्यों किया यह मुझे बहुत मालूम नही है लेकिन सरकार हमसे नाराज रहती है। यहां से लेकर दिल्ली तक सभी नाराज रहते हैं। अभी मैंने एक बयान दिया था उस पर तमाम गालियां मुझे पड़ी।
यह है पूरा मामला
दुनिया के मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया को नजरबंद किया गया है। आरोप है कि वो मंगलवार को सैकड़ों महिलाओं के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आवास का घेराव, ताली और थाली पीटने के कार्यक्रम करने वाली थीं। महिला अपराध पर अंकुश न लगा पाने और कोरोना महामारी को रोक पाने में असमर्थ राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी थी। लेकिन सरकार ने इसकी भनक लगते ही सुमैया को नजरबंद कर दिया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3bIFrCy