उत्तर प्रदेश के हाथरस में गैंगरेप और प्रताड़ना का शिकार बनी 19 साल की लड़की ने मंगलवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। पीड़िता के मौत के बाद यूपी के विपक्षी दलों ने योगी सरकार पर एक साथ हल्ला बोल दिया है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने यूपी को हिलाकर रख दिया है और राज्य में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ गई है। बसपा प्रमुख मायावती ने घटना को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि फास्ट कोर्ट ट्रैक में केस चले, जिससे जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा- बच्ची दो हफ्ते तक अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुलेआम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के कातिलों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं।
मायावती ने ट्वीट कर सवाल उठाए। कहा- सरकार पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता करे
##
घटना ने दुनिया में यूपी को शर्मसार किया: सपा
सपा प्रवक्ता और एमएलसी सुनील साजन ने कहा कि हाथरस की घटना ने उत्तर प्रदेश को देश-दुनिया के सामने शर्मसार किया है। दलित युवती के साथ 14 तारीख को गैंगरेप हुआ, उसकी जीभ काट दी गई, उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई और पुलिस ने छेड़खानी का केस किया। सिर्फ इसलिए क्योंकि दबंग सत्तारूढ़ बिरादरी के हैं। जब दबाव बढ़ा तब रेप की धाराएं बढ़ाई गईं। आज वह बेटी सबको छोड़कर चली गई। इसके जिम्मेदार कौन हैं? इसके जिम्मेदार योगीजी खुद आप हैं।
यह है मामला
हाथरस जिले में गैंगरेप पीड़ित लड़की ने मंगलवार तड़के 3 बजे दम तोड़ दिया। 14 सितंबर को दरिंदों ने गैंगरेप के बाद लड़की की जीभ काट दी थी, रीढ़ की हड्डी तोड़ दी थी। वह खेत में बेहोश मिली थी। तबीयत बिगड़ने लगी तो उसे सोमवार को ही दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30fsT1h