उत्तर प्रदेश में कौशाम्बी जिले के पूरा मुफ्ती थाना क्षेत्र के कुरई गंगा घाट में गंगा स्न्नान करने पहुंची पांच किशोरियां व एक किशोर अचानक डूबने लगे। हादसे में तीन किशोरियों की मौत हो गई जबकि दो किशोरी व एक किशोर को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। घटना सुबह 9 बजे की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि हादसे की सूचना पर एसडीएम सीओ समेत भारी पुलिस बल सूचना के 2 घंटे बाद मौके पर पहुंचा। इस बीच स्थानीय विधायक संजय कुमार गुप्ता ने मृतक किशोरियों के परिजनों को आर्थिक मदद देने का एलान किया है।
कुरई गाव की रहने वाली पूजा अपने सहेली वंदना, रीना आशा व संजना एवं किशोर शिवा के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुचे। स्न्नान के दौरान अचानक रीना नदी की गहरी धारा में बहने लगी। उसे डूबता देख आशा व संजना उसे बचाने की कोशिश करने लगी। तीनों नदी के बहाव को नहीं संभाल सकी और डूबने से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पूजा, वंदना व शिवा के चीखने चिल्लाने पर स्थानीय लोगों ने मदद करते हुए उन्हें पानी से बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बाद भी पूरा मुफ्ती पुलिस व चायल तहसील प्रशासन के अधिकारी दो घंटे विलंब से पहुचे। हालांकि सर्किल अफसर कृष्ण गोपाल सिंह का कहना है कि मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने हालात को काबू में कर शवों को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे का शिकार घायलों की हालत खतरे से बाहर है। गाव में सुरक्षा कारणों से पुलिस बल तैनात किया गया है।
चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता ने हादसे पर दुख प्रकट करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद करने का एलान किया है। हालांकि वह अभी यह स्पष्ट नही कर सके है कि मृतक किशोरियों के परिसर को कितने रुपये की मदद की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2HgNQlM