बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री/ शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच चल रहे विवाद में अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट महासचिव चंपत राय भी कूद गए हैं। उद्धव का समर्थन करते हुए चंपत राय ने कहा कि अयोध्या में किसने अपनी मां का दूध पिया है जो ठाकरे को यहां आने से रोक सके? दरअसल, अखाड़ा परिषद, अयोध्या संत समिति और हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने उद्धव ठाकरे के अयोध्या आगमन पर उनका विरोध करने की चेतावनी दी थी।
महासचिव चंपत राय ने कहा कि हम उद्धव ठाकरे का अयोध्या में स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की एक कहावत है- किसकी मां ने जीरा खाकर बच्चे को पैदा किया जो नदी को रोक सके। यहां भी किसकी मां ने जीरा खाया है जो उद्धव को रोक सके। यह सब निरर्थक बहस है। अगर विश्व हिंदू परिषद की तरफ से कोई बयान दिया गया है तो अधिकृत नहीं है।
संतों ने उद्धव के एक्शन की निंदा की थी
हाल ही में अयोध्या संत समिति के अध्यक्ष महंत कन्हैया दास और हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास ने उद्धव ठाकरे पर अभिनेत्री कंगना का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। ऐलान किया था कि यहां के संत उद्धव ठाकरे और उनके समर्थकों को अयोध्या में प्रवेश नहीं करने देंगे और उनका विरोध करेंगे। विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता शरद शर्मा ने भी कंगना रनोट के समर्थन में बयान देकर उद्धव सरकार के एक्शन की निंदा की थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3bZrdh4