उत्तर प्रदेश के हाथरस में गैंगरेप पीड़ित का गांव बूलगढ़ी सियासी पार्टियों के लिए अखाड़ा बन चुका है। रविवार को समाजवादी पार्टी का 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल बूलगढ़ी गांव जाएगा। परिवार को सांत्वना देने के साथ कुछ आर्थिक मदद भी दी जा सकती है। प्रतिनिधि मंडल जांच कर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को रिपोर्ट करेगा। वहीं, राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी भी पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे। ऐसे में आज भी हंगामे के आसार हैं।
सीबीआई जांच की सिफारिश की मगर परिजन बोले- हमें न्यायिक जांच चाहिए
सियासी संग्राम के बीच योगी सरकार ने शनिवार को हाथरस गैंगरेप मामले की सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं। लेकिन पीड़ित परिवार इस पर संतुष्ट नहीं है। पीड़ित के भाई ने कहा कि हम चाहते थे कि सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में मामले की जांच की जाए। सरकार केवल अपनी कर रही है। अभी तक की जांच से हमें संतुष्टि नहीं है। हमें हमारे सवालों के जवाब चाहिए। जिसकी बॉडी जलाई गई थी, वह किसकी थी? अगर वह शव मेरी बहन का था तो रात में इस तरह क्यों जलाया गया? डीएम ने हमारे साथ बदसलूकी क्यों की?
दूसरी कोशिश में राहुल-प्रियंका की पीड़ित परिवार से हुई मुलाकात
शनिवार की शाम राहुल-प्रियंका गांधी ने हाथरस पहुंचकर पीड़ित परिवार से करीब 50 मिनट तक बंद कमरे में मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि हम परिवार के साथ खड़े हैं। वहीं, प्रियंका गांधी ने कहा कि जब तक इस परिवार को न्याय नहीं मिलता, हमें ना वो (यूपी सरकार) रोक सकते हैं और ना हम रुकेंगे। इससे पहले बीते गुरुवार को राहुल-प्रियंका ने हाथरस आने का ऐलान किया था। लेकिन ग्रेटर नोएडा में उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उनसे कहा कि आपने धारा 188 का वॉयलेशन किया है। पुलिस ने राहुल की कॉलर भी पकड़ी थी। धक्कामुक्की में वे नीचे गिर गए, और हाथ में चोट लग गई। राहुल और प्रियंका को 4 घंटे हिरासत में रखने के बाद छोड़ा गया।
क्या है पूरा मामला?
हाथरस जिले के चंदपा इलाके के बूलगढ़ी गांव में 14 सितंबर को 4 लोगों ने 19 साल की युवती से गैंगरेप किया था। आरोपियों ने युवती की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और उसकी जीभ भी काट दी थी। दिल्ली में इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई। चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि दुष्कर्म नहीं हुआ था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2SlT4Pm