-->



Theme Layout

Theme Translation

Trending Posts Display

Home Layout Display

Posts Title Display

404

We Are Sorry, Page Not Found

Home Page

उत्तर प्रदेश के हाथरस में 19 साल की दलित युवती के साथ कथित गैंगरेप की वारदात हुए एक माह से अधिक समय बीत चुका है। इस प्रकरण की शासन द्वारा गठित तीन सदस्यीय एसआईटी जांच कर चुकी है, जबकि सीबीआई की जांच जारी है। 14 सितंबर को लड़की के साथ जिस बाजरे के खेत में वारदात हुई है, उस खेत मालिक ने योगी सरकार से मुआवजा मांगा है। खेत मालिक का कहना है कि इस घटना के बाद बाजरे की फसल में पुलिस ने पानी नहीं लगाने दिया।


किसान ने कहा कि पुलिस काफी दिन तक सबूत होने की बात कहती रही, जिससे फसल की सिंचाई नहीं हो पाई। अब सीबीआई ने कहा है कि फसल काट सकते हो, लेकिन फसल टूट गई है। दाना भी नहीं है। कम से कम 50 हजार का नुकसान हुआ है। लिहाजा उनको भी मुआवजा दिया जाए।

खेत मालिक सोम सिंह।

लॉकडाउन में जयपुर से लौटा किसान

खेत मालिक सोम सिंह ने बताया कि वह जयपुर में नौकरी करता है। लेकिन कोरोना की वजह से वह गांव लौट आया था। 9 बीघा खेत में बाजरा लगाया था। लेकिन घटना के बाद पुलिस ने सबूत जुटाने की बात कहकर मेरी मां को पानी लगाने से मना कर दिया। कहा गया कि यदि फसल की सिंचाई की गई तो सबूत खत्म हो जाएंगे। इसलिए समय पर सिंचाई नहीं हो सकी। जिससे फसल में दाना नहीं बना। हमारी बाजरे की छह महीने की फसल है। लेकिन छह माह की मेहनत बेकार गई। हम खेती और पशुओं के भरोसे पर ही रहते हैं। ऐसे में हमें नुकसान हुआ है। हमारी सरकार मदद करे।

खेत मालिक का भाई घटना का चश्मदीद

सोम सिंह का छोटा भाई विक्रम उर्फ छोटू 14 सितंबर को हुई घटना का चश्मदीद भी है। उससे सीबीआई अब तक दो बार पूछताछ कर चुकी है। उसने सीबीआई टीम को बताया है कि जिस खेत में लड़की मिली थी, वह उसका ही है। उसका कहना था कि घटना वाले दिन वह खेत में चारा काट रहा था, तभी चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचा तो लड़की खेत में पड़ी थी। उसका भाई और मां खड़े हुए थे।

जानें पूरा मामला

हाथरस जिले के चंदपा इलाके के बुलगढ़ी गांव में 14 सितंबर को 4 लोगों ने 19 साल की दलित लड़की से गैंगरेप किया था। आरोपियों ने लड़की की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी थी। परिजन ने जीभ काटने का भी आरोप लगाया था। दिल्ली में इलाज के दौरान 29 सितंबर को पीड़िता की मौत हो गई थी। चारों आरोपी जेल में हैं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि लड़की के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
यह फोटो हाथरस की है। इसी बाजरे के खेत में 14 सितंबर को लड़की के साथ कथित गैंगरेप की वारदात हुई थी।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3j8nlMn