उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रविवार की रात ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के उम्मीदवार दिलशाद अहमद और आजाद समाज पार्टी (आसपा) के प्रत्याशी हाजी यामीन के बीच मारपीट हो गई। वहीं, आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर रावण ने अपने ऊपर फायरिंग होने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस गोली चलने के आरोपों से इंकार कर रही है। लेकिन केस दर्ज कर लिया गया है। उधर, एआइएमआइएम उम्मीदवार दिलशाद अहमद की शिकायत के आधार पर एक अन्य एफआईआर दर्ज की गई है।
तीन नवंबर को होना है चुनाव
बुलंदशहर में सदर विधानसभा सीट पर 3 नवंबर को उप चुनाव है। इसको लेकर यहां चुनाव में उतरी पार्टियों के उम्मीदवार चुनाव प्रचार अभियान में जुटे हैं। रविवार शाम मोहल्ला रुकन सराय में एआइएमआइएम के प्रत्याशी दिलशाद नुक्कड़ सभा कर रहे थे। आरोप है कि तभी हाजी यामीन अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और वहां आसपा के कार्यकर्ताओं ने एआइएमआइएम के कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। प्रत्याशी दिलशाद के साथ मारपीट की गई। दिलशाद के कपड़े भी फट गए और कार्यकर्ताओं ने भाग कर अपनी जान बचाई। मामले में दिलशाद ने पुलिस से सुरक्षा की से गुहार लगाई है। जबकि आसपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण ने ट्वीट कर अपने काफिले पर फायरिंग किए जाने का दावा किया है। पुलिस भी चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर फायरिंग के दावे को लेकर गंभीर है और दावा कर रही है अभी तक फायरिंग की कोई पुष्ट जानकारी पुलिस को नहीं मिली है।
एसएसपी ने कहा- मामले में दो एफआईआर दर्ज
एसएसपी एसके सिंह ने बताया कि मीडिया में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर गोली चलाने के बारे में खबरें सामने आई। लेकिन घटना की पुष्टि नहीं हुई है। आजाद समाज पार्टी और एआइएमआइएम के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट व हंगामा हुआ है। फिलहाल चंद्रशेखर आजाद पर गोली चलाने के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। एआईएमआईएम नेता दिलशाद अहमद की शिकायत के आधार पर एक और प्राथमिकी दर्ज की गई कि उस पर हमला किया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3mphc0G