उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की एक और बेटी की दुष्कर्म के बाद मौत हो गई। कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के मई जटोई गांव की एक छह वर्षीय बच्ची के साथ 20 दिन पहले अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र में दुष्कर्म हुआ था। उसे इलाज के लिए दिल्ली एम्स भेजा गया था। जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना से नाराज परिजनों ने हाथरस में बलदेव रोड पर शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उनकी मांग है कि जब तक आरोपी को पकड़ा नहीं जाएगा और इगलास कोतवाल को सस्पेंड नहीं किया जाएगा, बच्ची का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हालांकि थाना इंचार्ज के सस्पेंड किए जाने के बाद परिजन बच्ची के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हो गए हैं। तनाव को देखते हुए मौके पर फोर्स तैनात है। पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
पीड़ित अपनी बड़ी बहन के साथ मौसी के यहां रहने गई थी
दरअसल, जटोई गांव निवासी एक ग्रामीण की पत्नी की जनवरी माह में मौत हो गई थी। पिता का कहना है कि तीन माह पहले बच्ची अपनी बहन के साथ मौसी के यहां रहने गई थी। आरोप है कि 17 अक्टूबर को बच्ची के साथ मौसी के लड़के ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था।
सीओ इगलास परशुराम सिंह ने बताया कि उसी दिन बच्ची को मलखान सिंह जिला अस्पताल भेजा गया था। अगले दिन बच्ची को पिता के हवाले कर दिया गया। चाइल्ड लाइन बच्ची की देखरेख कर रही थी। उसके बाद पिता ने एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। 21 अक्टूबर को आरोपी के संबंध में इगलास थाने में तहरीर दी गई। 24 अक्टूबर को नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया। जहां बाल कल्याण समिति के आदेश पर आरोपी को मथुरा बाल गृह भेज दिया गया। इस बीच बच्ची की हालत बिगड़ गई तो 4 अक्टूबर को मेडिकल कॉलेज से दिल्ली एम्स ले जाया गया। सोमवार को दिन में बच्ची की मौत हो गई।
पिता का आरोप- सही आरोपी नहीं पकड़ा गया
अब पिता का आरोप है कि पुलिस ने गलत लड़के को गिरफ्तार किया है। वह मानसिक रोगी है। मेरी बड़ी लड़की को अलीगढ़ से वापस लाया जाए। अभी तक सही आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पिता ने इगलास थाना प्रभारी पर धमकाने का भी आरोप लगाया है।
थाना इंचार्ज सस्पेंड, विभागीय जांच के आदेश
एसएसपी मुनिराज जी ने मासूम के साथ रेप की घटना में शिथिलता बरतने के आरोप में थाना इगलास इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया है। एसएसपी ने विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33zhL1i