उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी के पट रविवार को विजयादशमी के मौके पर भक्तों के लिए खुल गए। सुबह से भक्त बांके बिहारी के दर्शन पूजन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। कोरोना से बचाव के लिए यहां खास इंतजाम किए गए हैं। भक्तों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ठाकुर जी के दर्शन कराए जा रहे हैं। दरअसल, सात माह बाद 17 अक्टूबर को मंदिर भक्तों के लिए खोला गया था। लेकिन भारी भीड़ उमड़ने के कारण व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गई थी। इसके बाद मंदिर बंद कर दिया गया था।
भक्तों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था
दरअसल, कोरोना संकट काल में बंद हुए मंदिर के कपाट 17 अक्टूबर को खोले गए थे। लेकिन भीड़ के दबाव के चलते कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन न होने के कारण मंदिर के कपाट 19 तारीख को भक्तों के लिए एक बार पुनः बंद कर दिए गए थे। जिसको लेकर वृंदावन के स्थानीय लोगों साधु-संतों के साथ-साथ ट्रस्ट भक्तों में काफी उबाल था और इसी को लेकर लगातार धरना प्रदर्शन विरोध तो जारी था ही, कुछ भक्तों ने न्यायालय में भी वाद दायर कर दिया। जिस पर अदालत ने मंदिर प्रबंधन को तत्काल मंदिर खोलने के आदेश दिए थे।
इसके बाद जिला प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन ने मीटिंग की और व्यवस्था को करते हुए 25 अक्टूबर को भगवान बांके बिहारी के कपाट खुलने का ऐलान किया था। आज जब भगवान बांके बिहारी के कपाट खुले तो दर्शन के लिए भक्त पहुंच रहे हैं। कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन पूरी तरीके से होता हुआ दिखाई दे रहा है। इस संबंध में मंदिर प्रबंधन ने बताया कि व्यवस्थाओं को कोर्ट के आदेश के मुताबिक रखा गया है। दर्शन के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गई है। साथ ही मंदिर और मंदिर के गोल घेरे बनाए गए हैं। जिसमें भक्त खड़े हुए हैं और अपने दर्शनों के इंतजार कर रहे हैं।
डीएम-एसपी ने मंदिर प्रबंधन की व्यवस्थाएं परखी
मंदिर की व्यवस्थाओं को देखने के लिए सुबह जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचे और उन्होंने अधीनस्थों को बेहतर व्यवस्था के साथ भक्तों को दर्शन करने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। पुलिस बल भी मंदिर और आसपास में तैनात है। भगवान के कपाट खुलने के साथ ही संपूर्ण मंदिर परिसर में राधे-राधे और जय बिहारी के जयकारे की गूंज है।
अफसरों ने क्या कहा?
- डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने बताया कि गेट नंबर 2 और 3 से श्रद्धालुओं का प्रवेश कराया जा रहा है। गेट नंबर 1 और 4 से श्रद्धालुओं को निकास द्वार के माध्यम से बाहर निकाला जा रहा है। साथ ही कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है।
- एसएसपी मथुरा गौरव ग्रोवर ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को बांके बिहारी के दर्शन के लिए कोई परेशानी ना हो इसका ख्याल रखा गया है। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए गोल घेरे बनाए गए हैं। साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लोगों से अपील की है कि वह व्यवस्था में सहयोग करें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37REJ6r