लखनऊ विश्वविद्यालय आज 100 साल का हो गया। इस शताब्दी समारोह को खास तरीके से मनाने के लिए 19 से 24 नवंबर तक सात दिनों में विविध कार्यक्रम होंगे। शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल तरीके से छात्रों को संबोधित करेंगे। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा विश्वविद्यालय में मौजूद रहेंगे। क्रिकेटर सुरेश रैना भी होंगे। पूरे विश्वविद्यालय परिसर को भव्य तरीके से सजाया गया है। छात्र परिसर में ही गीत-संगीत के कार्यक्रम करते नजर आए।
डाक टिकट व सिक्का जारी होगा, कई नामचीन हस्तियां शामिल होंगी
कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने बताया कि शताब्दी वर्ष समारोह के पहले दिन पद्मश्री मालिनी अवस्थी और कवि यतीन्द्र मिश्र कार्यक्रम पेश करेंगे। सप्ताह भर चलने वाले इस समारोह में हर दिन मुख्य अतिथि के तौर पर बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी। जिसमें बॉलीवुड कलाकार अनुपम खेर‚ युवा कवि कुमार विश्वास‚ केरल के गर्वनर सलीम आरिफ आदि शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान फिल्म अभिनेता अनुपम खेर वर्चुअल तौर पर शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष के दौरान विवि में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए स्टेट गवर्नमेंट को 50 करोड़ और सेंट्रल गवर्नमेंट को 100 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा गया है। शताब्दी वर्ष के अवसर पर विवि की तरफ से डाक टिकट व चांदी व अन्य धातुओं से बना 100 रुपए का सिक्का जारी करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए डाक विभाग और भारत सरकार से प्रयास किया जा रहा है। उधर 19 से 24 नवम्बर तक लखनऊ विश्वविद्यालय पढ़ाई के लिए बन्द रहेगी।
रिलीज होगा एलयू का एंथम
लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों की टीम ने अपना एक एंथम तैयार किया है‚ जो कि शताब्दी समारोह पर रिलीज किया जाएगा। इसे स्टूडेंट्स गाते हुए नजर आएंगे। इसके अलावा एलयू अपनी एक पुस्तक का भी विमोचन करेगा‚ जिसमें एलयू का पूरा इतिहास समाहित होगा। इसके अलावा यूनिवर्सिटी द्वारा भविष्य में किये जाने वाले कार्यों का भी जिक्र होगा।
24 नवंबर को होगी एलुमिनाई मीट
शताब्दी समारोह में 24 नवंबर को एलुमिनाई मीट का आयोजन किया जाएगा‚ जिसमें केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद शिरकत करेंगे। इस इवेंट को दो भागों में बांटा गया है। 24 नवंबर को अंडर 50 के एलुमिनाई आएंगे। वहीं दूसरे दिन 24 नवंबर को समारोह के अंतिम दिन 50 वर्ष से पर व सभी एलुमिनाई शिरकत करेंगे। उधर शताब्दी समारोह केवल एलयू के स्टूडेंट्स तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राजधानी के स्कूलों के बच्चों को भी यहां विजिट के लिए बुलाया जाएगा। जिसके लिए राजधानी के कई स्कूलों से टाईअप किया जा रहा है। इसी के हिसाब से बच्चों को एलयू में विजिट करवाया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2IF4Fbd