लखीमपुर खीरी, 11 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) के पास एक तेंदुए ने 11 वर्षीय लड़के को मार डाला।
बंशीबेली गांव में मंगलवार को लड़का जानवरों के लिए चारा लेने गया था, तभी तेंदुआ उसे घसीटते हुए ले गया।
डीटीआर के फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक और रेंज ऑफिसर अनिल शाह घटनास्थल पर पहुंचे और निशान देखकर पुष्टि की कि यह एक वयस्क तेंदुआ था। खबरों के मुताबिक, अंकित कुमार गौतम गन्ने के खेत के पास चारा इकट्ठा कर रहा था, तभी एक तेंदुआ उस पर झपटा और उसे गन्ने के खेत के अंदर खींचकर ले गया। बाद में लड़के का आंशिक रूप से खाया गया शरीर ग्रामीणों को मिला।
13 सितंबर के बाद से गांव में तेंदुए ने तीसरे बच्चे को मारा है। इससे पहले एक और बच्चा घायल हो गया था लेकिन उसे बचा लिया गया था। कई हमलों के बाद वन विभाग ने जानवर को फंसाने के लिए क्षेत्र में दो पिंजरे रखे थे। लेकिन इसमें एक छोटा तेंदुआ ही फंसा।
भारतीय वन्यजीव ट्रस्ट (डब्ल्यूटीआई) और वन विभाग के विशेषज्ञों ने वयस्क तेंदुए की निगरानी के लिए क्षेत्र में 15 कैमरा ट्रैप लगाए हैं। डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर अनिल पटेल ने कहा, 11 और 13 साल की आयु के तीनों बच्चों को संभवत: एक ही तेंदुए ने मारा है। इस जानवर को पिंजरे के पास कई बार देखा गया लेकिन यह इसमें कभी फंसता नहीं है। इससे पता चलता है कि वह पहले पिंजरे में रह चुका है, अब उसे ट्रेंकुलाइज करना ही एकमात्र विकल्प है। हम इसके लिए अनुमति लेने समेत बाकी इंतजाम कर रहे हैं।
एसडीजे-एसकेपी
.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/32tVrFl