उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सोमवार की रात घर में सो रहे दिव्यांग दलित युवक की धारदार हथियार से रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह उसका शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पड़ताल कर रही है। आशंका है कि इस हत्याकांड में परिवार का कोई सदस्य शामिल हो सकता है।
सबसे पहले पत्नी ने मृत हालत में देखा
थाना जखोरा के ग्राम थानवारा के मोहल्ला पठापुरा निवासी दिव्यांग सूरज अहिरवार (35 साल) सोमवार की रात खाना खाकर घर के बरामदे में सो गया। जबकि, पत्नी अपनी पांच साल की बेटी के साथ दूसरे कमरे में सो गई। जब देर रात पुत्री के रोने की आवाज सुनकर पत्नी की नींद खुली तो वह बरामदे में सो रहे पति को जगाने पहुंची तो उसका शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। यह देखकर उसकी चीख निकल गई। परिवार के अन्य लोग भी उठ गए। मौके पर भीड़ जुट गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
एसपी बोले- जल्द करेंगे खुलासा
दिव्यांग युवक की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी तालबेहट, थानाध्यक्ष जखोरा मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान पता चला है कि युवक की हत्या किसी धारदार हथियार या पत्थर से हुई हैं। युवक के गले व चेहरे में चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि युवक घर के अंदर ही मृत पड़ा मिला है। मामले की जांच शुरु कर दी गई है। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36lUJej