अमरावती, 11 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में भारी बारिश से बड़े पैमाने पर हुए फसलों के नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की एक टीम ने पूर्व और पश्चिम गोदावरी जिलों का दौरा किया। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पूर्व गोदावरी के जिलाधिकारी डी. मुरलीधर रेड्डी ने मंगलवार को टीम को 2,442 करोड़ रुपये के नुकसान की जानकारी दी, जो हाल ही में बारिश और बाढ़ के कारण हुई थी।
रेड्डी ने फसल क्षति पर एक पावर-पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया। टीम ने इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय में एक फोटो प्रदर्शनी भी देखी।
केंद्रीय टीम ने बारिश और बाढ़ से सड़कों को हुए नुकसान की भी जांच की।
टीम ने सबसे पहले रवुलापलेम, पोडागोटलापल्ली, जोनाडा और अन्य स्थानों का दौरा किया और प्रभावित किसानों से बातचीत की। हालांकि धान ऊपर से हरा दिख रहा था, लेकिन पिछले कई हफ्तों से अधिक समय से बाढ़ के पानी में डूबने के कारण खड़ी फसल जड़ से सड़ गई है।
टीम ने पश्चिम गोदावरी जिले में बाढ़ प्रभावित धान के खेतों, केले के बागानों और उन जगहों का दौरा किया जहां सब्जियां और बागवानी फसलें उगाई जाती हैं।
ताडेपल्लीगुडेम मंडल में, टीम ने एरकलुवा (नहर) में बाढ़ के कारण धान के नुकसान की जांच करने के लिए नंदामुरु गांव का दौरा किया और किसानों से भी बात की।
केंद्रीय अधिकारियों ने जिले के तल्लापलेम, सिंगावरम और कमसलिपलेम गांवों का भी दौरा किया।
निदादावोलू के विधायक श्रीनिवास नायडू ने एरकलुवा के पास कृषि संबंधी मसलों से टीम को अवगत कराया और उनसे प्रत्येक प्रभावित किसान की मदद करने का अनुरोध किया।
बुधवार को सौरव राय की अगुवाई वाली टीम को मुख्यमंत्री वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी से अमरावती में उनके कैंप ऑफिस में मिलने की उम्मीद है।
आंद्र प्रदेश सरकार ने केंद्रीय टीम को पहले ही सूचित कर दिया है कि राज्य को बारिश और बाढ़ के कारण 6,386 करोड़ रुपये तक का नुकसान हुआ है।
वीएवी-एसकेपी
.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
from दैनिक भास्कर हिंदी https://ift.tt/36p96hV