कृषि कानून के विरोध में पिछले 11 दिन से आंदोलन कर रहे किसान संगठनों ने भारत बंद बुलाया है। आज सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बंद का आह्वान किया गया है। भारतीय किसान यूनियन (BKU) ने लखनऊ में गांव से लेकर मुख्यमंत्री आवास समेत कई स्थानों पर रास्ता जाम करने की तैयारी की है। वहीं, वेस्ट यूपी के 100 से अधिक स्थानों पर चक्का जाम का ऐलान किया है।इस बीच भारत बंद को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी दशा में कानून और शांति-व्यवस्था से समझौता न किया जाए।
बुलंदशहर में भारत बन्द से ठीक पहले पुलिस ने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष टुक्कीमल खटीक समेत दो कांग्रेसियों को हिरासत में लिया गया है। सुबह 5 बजे घर से सोते हुए अपने आवास से हिरासत में लिए गए। सिकंदराबाद थाने में टुक्कीमल खटीक को रखा गया है। इस बीच किसानों के भारत बन्द को विपक्षी दलों का मिल रहा है समर्थन।
प्रयागराज में सपा कार्यकर्ताओं ने रोकी ट्रेन
भारत बंद का असर यूपी में भी दिख रहा है। प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस को रोक दिया और रेलवे ट्रैक पर ही विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ट्रैक पर ट्रेन के आगे बैठे कार्यकर्ता सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं।
जबरन दुकानें बंद कराने पर होगी कार्रवाई
प्रदेश सरकार ने दो टूक कहा है कि मंगलवार को जबरन बाजार बंद कराने की कोशिश किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। सभी जिलों की पुलिस को ऐेसे किसी भी हालत से निपटने और कानून-व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने सोमवार को डीजीपी एचसी अवस्थी को पत्र लिख कर किसान संगठनों के भारत बंद के ऐलान को लेकर राज्य सरकार की मंशा से अवगत कराया।
अन्य राज्यों से लगे इंट्री प्वाइंट पर हो रही चेकिंग
उत्तराखंड, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान सीमा से लगे यूपी के जिलों में ‘इंट्री प्वाइंट’ पर भी चेकिंग की जा रही है जिससे अन्य प्रदेशों से लोग आकर अव्यवस्था न फैला सकें। इन इंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस प्रबंधन के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सुपरविजन भी किया जा रहा है।
यूपी के मुख्य सचिव ने भी निर्देश दिया है कि आठ दिसंबर को भारत बंद के ऐलान के संबंध में कोविड-19 महामारी को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए। यह प्रयास किया जाए कि कहीं भी लोग एकत्र न हो सकें और बाजारों में कोई भी जबरन दुकानें बंद न करा सके। यदि किसी भी किसान संगठन या संगठन के पदाधिकारियों द्वारा बाजार बंद कराने की जबरन कोशिश की जाती है तो प्रभावी कार्रवाई की जाए, जिससे कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3mUeZLi