उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में किडनैपिंग के बाद फिरौती की रकम न मिलने पर छह साल के बच्चे की हत्या कर दी गई। 50 लाख की फिरौती एक लेटर के जरिए मांगी गई थी। पुलिस ने हैंडराइटिंग के आधार पर 72 घंटे के भीतर मुख्यारोपी को पकड़ लिया। लेकिन पीड़ित परिजन और ग्रामीणों ने रविवार सुबह सदर कोतवाली के सामने NH 730 (फरेंदा-महाराजगंज रोड) को जाम कर दिया है।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे हैं। ASP निवेश कटिहार और ADM कुंज बिहारी अग्रवाल परिजनों को न्याय का भरोसा दिया है। लेकिन परिजन व ग्रामीण NH पर डटे हैं।
परिजनों ने कहा कि, बीते 5 सितंबर को ही धमकी भरे मैसेज की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अगर समय रहते कार्रवाई की गई होती तो आज उनके बच्चे की हत्या नहीं हुई होती। परिजनों का कहना है कि जब तक मुख्यमंत्री मौके पर नहीं आएंगे, तब तक वह यहां से नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि यहां के प्रशासन पुलिस पर उन्हें कोई विश्वास नहीं है।
घर के भीतर फेंका था फिरौती वाला लेटर
सदर कोतवाली के बांसपार बैजौली गांव निवासी 6 साल का पीयूष गुरुवार शाम को घर से बाहर खेलते समय लापता हुआ था। पिता दीपक गुप्ता ने बताया कि पीयूष की काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसी बीच घर वालों को घर के भीतर बाउंड्रीवॉल के पास एक कागज का टुकड़ा नजर आया। उसे उठाकर घर वालों ने देखा तो सभी दंग रह गए। इसमें पीयूष के किडनैप होने की बात लिखी थी।
किडनैपर्स ने उसे छोड़ने के लिए 50 लाख की फिरौती मांगी थी। इस पूरी घटना को पुलिस ने पहले दबाने की कोशिश की, लेकिन मामला मीडिया में आने के बाद कोतवाली पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पीयूष की बरामदगी के लिए चार टीमें लगाई। वहीं पीयूष को खोजने के लिए घर वालों ने सोशल मीडिया का भी सहारा लिया। घर के लोगों और रिश्तेदारों ने अपहृत पीयूष की फोटो सभी ग्रुपों में डालकर उसका पता लगाने की मार्मिक अपील की।
हैंड राइटिंग से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
पुलिस ने लेटर की हैंड राइटिंग एक्सपर्ट से जांच कराई तो राइटिंग रिश्ते में चाचा मनीष से मैच कर गई। तत्काल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया है। पुलिस ने शनिवार रात करीब 8 बजे घर से 100 मीटर दूर खेत में बच्चे का शव बरामद किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सभी सबूत बरामद, अन्य आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे
महराजगंज के एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि बालक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसी की निशानदेही पर शव बरामद हुआ है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। सभी सबूतों को बरामद कर लिया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37RndNG