उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में युवक ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, बहन और भाई के बीच विवाद कुत्तों के लिए रोटी बनाने को लेकर हुआ था। बहन ने रोटी बनाने से इंकार कर दिया था। हत्या के बाद भाई ने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी और सरेंडर कर दिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना सोमवार देर शाम की है।
कुत्तों की खरीद-फरोख्त का काम करता है भाई
यह घटना कैलाश वाटिका कालोनी की है। भावनपुर थाना क्षेत्र के गंगासागर के निकट कैलाश वाटिका कॉलोनी में रहने वाले आशीष ने 20 से अधिक कुत्ते रखे हैं। वह कुत्तों को खरीदने-बेचने का बिजनेस का काम करता है। वह अपनी 26 साल की बहन पारूल से उनके लिए रोटी बनवाता था। सोमवार की रात भी उसने अपनी बहन से इन कुत्तों के खाने के लिए रोटी बनाने के लिए कहा। लेकिन बहन पारूल ने इंकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। जिस पर आशीष ने गुस्से में अपनी बहन को दो गोली मार दी। गोली लगने से पारूल की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
पुलिस को किया फोन, बोला- बहन को मार डाला
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने ही पुलिस को घटना की सूचना फोन से दी। कहा कि उसने बहन को मार डाला है। सूचना मिलने पर थाना गंगानगर और थाना भावनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है। एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है, परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कार्रवाई की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gOFkrK