कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के आंदोलन का आज 21वां दिन है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कई खापों ने आंदोलन को समर्थन दिया है। ये खापें 17 दिसंबर को दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन में शामिल होंगी। इस बीच बाराबंकी के प्रगतिशील किसान और पद्मश्री सम्मान से पुरस्कृत रामसरन वर्मा ने विरोध से इतर नए कानूनों को किसानों के लिए हितकारी बताया है। कहा, ''इसके लागू होने से किसानों को लाभ होगा। किसानों को खुले बजार मिलेंगे। MSP भी मिलेगी। अपनी फसल का मनचाहा रेट भी मिलेगा। कुछ दिन इसे देखा जाना चाहिए। MSP पर खरीद हो रही है या नहीं? किसानों के लिए दो रास्ते खुल गए हैं। मंडी के साथ अपनी प्रोडक्ट को बाहर भी बेच सकते हैं।
'बिल लाने से पहले किसानों को विश्वास में लेना चाहिए था'
राम सरन वर्मा ने कहा, ''सरकार को बिल लाने से पहले किसानों को इसके बारे में बताना चाहिए था कि आपके लिए क्या फायदा होगा? अगर किसानों से बात करके ये बिल लाया जाता तो किसानों का आंदोलन शायद न होता। सरकार को अभी भी किसानों की बात सुनना चाहिए और बिल में जो संशोधन मुनासिब हों उन्हें करना चाहिए।
'MSP जारी रहनी चाहिए'
वर्मा कहते हैं, ''मैं भी एक किसान हूं और हमारी भी सरकार से मांग है कि MSP जारी रहना चाहिए। हालांकि सरकार और PM मोदी का भी यही कहना है कि MSP जारी रहेगी। सरकार बिल में संशोधन करने के लिए भी तैयार है। किसानों को पहले बिल को ठीक से पढ़ना और समझना चाहिए। कई किसानों को तो अभी बिल के बारे में जानकारी ही नहीं है।''
'किसानों के हाथ खुले, बिचौलियों से मिलेगी छुट्टी'
राम सरन वर्मा ने कहा, ''सरकार के कृषि बिल से किसानों को बहुत बड़ा फायदा भी होने वाला है। अब किसानों के हाथ खुल गए हैं और बिचौलियों की छुट्टी हो जाएगी। अब किसान अपनी फसल देश की के किसी भी राज्य की मंडी में ले जा सकता है। इससे किसानों की फसल महंगी बिकेगी और उनको काफी फायदा मिलेगा। किसान की शत-प्रतिशत फसल की खरीद MSP के मुताबिक होनी चाहिए। इससे कोई किसान छूटने न पाए। सरकार को इसे लेकर उचित संशोधन करना चाहिए।''
'फसल बीमा का नहीं मिल रहा लाभ'
प्राकृतिक आपदा से किसानों को होने वाले नुकसान पर राम सरन वर्मा ने कहा, ''फसलों के बीमा का फायदा किसानों को नहीं मिल रहा है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। जिससे उनके नुकसान की रकम बीमा के द्वारा उन्हें मिल जाए।''
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/386aBm4