उत्तर प्रदेश के कानपुर में संघ की दो दिवसीय बैठक का आज दूसरा दिन है। संघ प्रमुख मोहन भागवत के दूसरे दिन की बैठक सिविल लाइंस स्थित क्षेत्र संघ चालक वीरेंद्र जीत सिंह के आवास पर शुरू हो चुकी है। सूत्रों की माने तो संघ प्रमुख कुछ वरिष्ठ प्रांतीय पदाधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं और इस दौरान सामाजिक मुद्दों पर चर्चा चल रही है।
संघ के पदाधिकारी सूत्रों ने बताया कि, आज बैठक के दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत केंद्र सरकार भारत सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं पर विस्तार से चर्चा कर सकते हैं। इन योजनाओं का लाभ किन-किन वर्ग को मिल रहा है इसकी भी जानकारी कर सकते हैं। योजनाओं में क्या समस्याएं आ रही हैं इस पर भी पदाधिकारियों व स्वयंसेवकों से चर्चा हो सकती है। साथ ही 5 गतिविधियों के तहत पर्यावरण,कुटुंब प्रबोधन,गोसेवा,ग्राम विकास,और सामाजिक समरसता पर मंथन और विचार विमर्श हो सकता है।
पहले दिन किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की अपील की थी
कानपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक के पहले दिन गुरुवार को संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने प्रवासी मजदूरों को रोजगार देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अभी और कार्य करने को लेकर केंद्र और प्रदेश की ओर इशारा किया था। उन्होंने चिंता जताई थी कि अभी भी इस दिशा में काफी काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के कालखंड का प्रभाव अभी भी है। ऐसे में प्रवासी मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने में हमको काम करना है।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए और ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के लिए कार्य करना है। आत्मनिर्भरता का भाव समाज में उत्पन्न करना है। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने का कानपुर प्रान्त में अच्छा काम हुआ है, इसको और बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि लॉकडाउन में कानपुर प्रान्त में स्वयंसेवकों की तरफ से व्यक्तिगत रूप से कई प्रेरणादायी कार्य किए गए। संघ के अतिरिक्त समाज में कई सामाजिक संगठनों, मठ, मंदिरों, गुरुद्वारों ने सेवा कार्य किए।
संघ प्रमुख 12 सितंबर को जाएंगे लखनऊ
बुधवार की देर रात दो दिवसीय बैठक में शामिल होने दिल्ली से कानपुर पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सिविल लाइंस स्थित क्षेत्र संघ चालक के आवास पर ले जाया गया था। दो दिवसीय बैठक के समापन बाद संघ प्रमुख मोहन भागवत भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 12 सितंबर को कानपुर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35s4Pvw