उत्तर प्रदेश के महोबा कांड की जांच के लिए डीजीपी ने एसआईटी गठित कर दी है। क्रशर व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के बाद शासन ने निलंबित एसपी महोबा मणिलाल पाटीदार पर लगे आरोपों की जांच के लिए यह फैसला किया है। इस बीच, आरोपी एसपी की कथित रिश्वतखोरी के कारनामे धीरे धीरे उजागर हो रहे हैं। निलंबित एसपी के उपर लग रहे आरोपों के बीच तीन ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हा रहे हैं, जिसमें उनके द्वारा की जाने वाली वसूली को लेकर बातें हो रही हैं। हालांकि दैनिक भास्कर इस ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल हो रहे ऑडियो में तत्कालीन एसपी से जुड़े कई चौकाने वाले सच सामने आ रहे हैं। जो ऑडियो वायरल हो रहे हैं उसमें जिले का एक टॉप टेन अपराधी आंसू भदौरिया और इंद्रकांत के साले ब्रजेश शुक्ला के बीच बातचीत, एक पूर्व विधायक अरिमर्दन सिंह और क्रशर व्यापारी इंद्रकांत के बीच बातचीत और विस्फोटक व्यापारी बी डी महाराज और मृतक क्रशर व्यापारी इंद्रकांत के बीच बातचीत शामिल है।
पहला वायरल ऑडियो
पूर्व विधायक अरिमर्दन सिंह उर्फ नाना और व्यापारी इंद्रकांत के बीच बातचीत का ऑडियाे वायरल हो रहा है। इसमें इंद्रकांत बताते हैं कि कप्तान साहब 6 लाख का महीना मांगते हैं। बताइये कैसे दिया जाए। इस बात पर पूर्व विधायक ने कहा- पूरे पहाड़ों के काम का नुकसान एसपी ही कर रहा है। कोई आदमी पहाड़ पर मर जाए तो उसे 15 लाख चाहिए। हर पहाड़ से महीना चाहिए। मेरे द्वारा डीजीपी को एक दरख्वास्त दी गई थी। कल्याण के लड़के को फंसाना चाहता था। मेरी जमीन पर जबरन कब्जा कराना चाहता था। तत्कालीन इंस्पेक्टर विपिन भला आदमी है। उसने बताया कि एसपी ठीक नहीं है। एसपी 15 लाख मांग रहा है।
इन्द्रकांत; केशव नाई ने पैसा नहीं दिया तो एसपी ने उसकी पूरी परिवार को ही फंसा दिया। बीबी लड़के को भी फंसा दिया। इन्हें तो सिर्फ पैसा चाहिए।
इंसाफ के लिए अब अनशन पर बैठना पड़ेगा।
पूर्व विधायक: डीआईजी के पास भी इसकी शिकायत की थी।
दूसरा वायरल ऑडियो
इस ऑडियो में महोबा का टॉप 10 अपराधी आंसू भदौरिया व्यापारी इन्द्रकांत के साले ब्रजेश शुक्ला को ऑडियो में धमका रहा है। ऑडियो में भदौरिया धमकाते हुए कह रहा है- तुम्हारे जीजा इंद्रकांत कहां है। पता करके बताओ। राजा साहब नाराज हो रहे हैं। जहां कहीं हो बात करें तुरंत, पता कर लो। अच्छी बात है। नहीं पता करोगे तो समझ रहे हो न बात को। बाकी मुझको आंसू भदौरिया कहते हैं। तुम्हें समझा रहा हूं इंद्रकांत का पता करो कहां है। पता लगाओ कितना बड़ा अरबपति है। पता लगाकर बताओ।
तीसरा वायरल ऑडियो
विस्फोटक व्यापारी बी डी महाराज और मृतक इन्द्रकांत त्रिपाठी के बीच हो रही बातचीत का ऑडियो भी वायरल हो रहा है। प्रस्तुत है उसका अंश....
मृतक इंद्रकांत: ये महीना एसपी साहब को कितना रुपया दिया गया है....
बी डी महाराज: 5....
मृतक इंद्रकांत: 5 लाख, एसओ साहब को
बीडी महाराज: जितना जाता था
मृतक इंद्रकांत: एक लाख जाता था वो दिया गया
बी डी महाराज: और एसपी को पहले 6 जाता था इस बार 5 दिया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ixFFiI