उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में एक 22 वर्षीय दलित युवती के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही दो लोगों ने जबरन घर में घुसकर असलहे की नोक पर युवती के साथ गैंगरेप किया। पीड़ित युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन भी कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने बताया कि यह घटना करीब एक हफ्ते पुरानी है। लेकिन पुलिस को रविवार की सुबह सूचना दी गई।
लड़की ने दो युवकों पर लगाए ये आरोप
थाना डेरापुर के एक गांव में रहने वाली 22 साल की दलित युवती का आरोप है कि वह 8 अक्टूबर की रात घर पर अकेली सो रही थी। रात के करीब 10 बजे गांव में रहने वाले दिनेश और उमेश उसके घर में जबरन घुस आए। इसका युवती ने विरोध किया तो दोनों ने असलहा निकालकर उसे जान से मारने की धमकी और जातिसूचक गालियां देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया और घर से जाते वक्त घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
परिवार वालों ने कहा कि लोकलाज के भय से अभी तक उन लोगों ने मामले को छिपाए रखा। लेकिन आरोपियों के हौसले बढ़ते जा रहे थे। रविवार को पीड़िता के परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, मारपीट करने समेत अन्य आपराधिक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करते हुए छापेमारी भी शुरू कर दी है।
क्या बोले अपर पुलिस अधीक्षक?
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने बताया कि प्रकरण के बाबत दलित लड़की के पिता की शिकायत पर गांव के ही दो युवकों उमेश उर्फ बब्बन संखवार व दिनेश कटियार के खिलाफ दुष्कर्म करने के आरोप में थाना डेरापुर पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित कर प्रयास किया जा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3nXMOvI