उत्तर प्रदेश में लखनऊ-वाराणसी नेशनल हाईवे पर कूड़वार थाना क्षेत्र के साहबगंज बाईपास के पास शनिवार रात दुर्गापूजा विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई जिसमें 12 लोग जख्मी हो गए। इसी क्रम में सड़क पर टहल रही तीन महिलाएं भी घटना की शिकार हुई हैं। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है़। दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।
प्रधान फिरोज खान ने बताया कि विसर्जन के लिए गए थे ट्राली साहबगंज बाईपास के पास पलट गई। जिसमें पांच-6 बच्चे घायल हुए हैं इलाज चल रहा है़। ट्रैक्टर ट्राली पर दर्जन भर लोग सवार थे। इनमें शिवा, आदेश, कृजन वर्मा, विजय कुमार साहू, प्रदीप कुमार, पवन कुमार बुरी तरह जख्मी हुए।
मामूली उपचार के बाद घायलों को छोड़ दिया गया
वहीं मामूली चोट आने वाले युवकों को प्रथम उपचार के बाद छोड़ दिया गया। इसके अलावा जिस समय ट्रैक्टर ट्राली लेकर ये श्रद्धालु मौके पर पहुंचे थे तभी एक वर्ग की तीन महिलाएं नफीसा बेगम, खुशनुमा बानो और शालिया बानो पर ट्राली चढ़ गई और तीनों को गंभीर चोटें आ गई।
आसपास के लोग तत्काल इन सभी को अस्पताल लेकर आए और इनका इलाज किया। उधर इमरजेंसी में मरीजों का उपचार करने वाले डाक्टर राजेश मिश्रा ने बताया कि लगभग 10-12 लोग आए थे, 9 लोगों को एडमिट किया गया है। दो लोगों को रेफर किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kPsL0s