लोकसभा चुनाव में शून्य पर आउट होने वाली राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने हाथरस कांड के बहाने नई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए गुरुवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में महापंचायत का ऐलान किया है। पंचायत का एजेंडा हाथरस में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी व कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, कृषि बिल, कानून व्यवस्था तय किया गया है। इस महापंचायत में यूपी-हरियाणा के कई बड़े नेताओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि जिले में धारा 144 लागू है। प्रशासन ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं।
दोपहर 12 बजे से शुरू होगी पंचायत
महापंचायत का आयोजन जीआईसी मैदान में होगा। जिलाध्यक्ष मोहित ने प्रशासन को चेतावनी दी है अगर किसी भी कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने रोकने का प्रयास किया तो ठीक नहीं होगा। हम धारा 144 से नहीं डरते, पंचायत होकर रहेगी। उन्होंने बताया कि इस महापंचायत में पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव व हरियाणा से विधायक अभय चौटाला, दीपेंद्र हुड्डा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तमाम बड़े किसान नेता शामिल होंगे।
पंचायत से पहले पीएम-सीएम का सिर कलम करने का वीडियो वायरल
मुजफ्फरनगर में महापंचायत से पहले पड़ोसी जनपद बागपत में एक विवादित वीडियो सामने आया है। बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में भीड़ के बीच खड़े एक युवक द्वारा पीएम-सीएम का सिर कलम करने की धमकी दी जा रही है। बताया जा रहा है। जयंत चौधरी पर हाथरस में लाठीचार्ज के विरोध में बागपत में रालोद कार्यकर्ताओं ने धरना दिया था। तभी हाइवे जाम करने के दौरान युवक ने विवादित बयान दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2HYbRhF