मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में एक अस्पताल के टॉयलेट में लाल और हरे रंग के टाइल्स लगाए गए हैं। इस पर समाजवादी पार्टी ने आपत्ति जताई है। समाजवादी पार्टी ने अपने अधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा कि शौचालय की दीवारों को सपा के रंग में रंगना लोकतंत्र को कलंकित करने वाली शर्मनाक घटना है।
रेलवे संचालित करता है अस्पताल
दरअसल, गोरखपुर में ललित नारायण मिश्र रेलवे अस्पताल है। इसे रेलवे संचालित करता है और रेलवे कर्मियों का इलाज किया जाता है। अस्पताल में मूत्रालय बनाया गया है। जिसमें लाल और हरे रंग के टाइल्स लगाए गए हैं, जो कमोबेश सपा के झंडे से मिलते जुलते हैं। सपा के झंडे में भी ऊपर लाल रंग और नीचे हरे रंग की पट्टी होती है। मूत्रालय में भी कुछ इसी पैटर्न पर टाइल्स का इस्तेमाल किया गया है।
सपा ने जताया विरोध, कार्रवाई की मांग
सपा ने ट्वीट कर लिखा कि दूषित सोच रखने वाले सत्ताधीशों द्वारा राजनीतिक द्वेष के चलते गोरखपुर रेलवे स्टेशन के अस्पताल में शौचालय की दीवारों को सपा के रंग में रंगना लोकतंत्र को कलंकित करने वाली शर्मनाक घटना है। एक प्रमुख राजनीतिक पार्टी के ध्वज के रंगों का अपमान घोर निंदनीय है। संज्ञान ले हो कार्रवाई, तत्काल बदला जाए रंग।
भाजपा की सोच नीच है: सपा प्रवक्ता
सपा के प्रवक्ता और एमएलसी सुनील साजन ने कहा कि, गोरखपुर के रेलवे अस्पताल में बनाए गए शौचालय को भाजपा ने समाजवादी पार्टी की रंग से बनवाया, यह इनकी दूषित मानसिकता को दर्शाता है। भारतीय जनता पार्टी की सोच इतनी "नीच" है कि इसकी कोई हद नहीं है। "नीच" कोई इंसान नहीं होता है, ना ही कोई जाति होती है, यह सिर्फ सोच होती है। यह काम सिर्फ "नीच" सोच वाले कर सकते हैं। इसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35YpTZh