हाथरस में दलित युवती के साथ कथित गैंगरेप व उसकी मौत के मामले की सीबीआई जांच का आज आठवां दिन है। सीबीआई ने आज इस केस में खुद को चश्मदीद होने का दावा करने वाले विक्रम उर्फ छोटू से एक बार फिर पूछताछ की। करीब साढ़े 12 बजे उसे टीम ने उसे खेत से उठाया। तब वह खेतों में काम कर रहा था। इसके एक घंटे बाद दोबारा उसे खेत लाकर छोड़ दिया। छोटू ने बताया कि उसने एक चिलर प्लांट पर दो दिन काम किया था। उसी प्लांट पर इस केस का आरोपी रामू भी काम करता था। उसी के संबंध में पूछताछ की गई।
दो दिन पहले शुक्रवार को भी सीबीआई ने छोटू व उसके भाई से अपने कैंप कार्यालय में पूछताछ की थी। छोटू ने दावा किया कि 14 सितंबर को वह चीख-पुकार मचने पर मौके पर पहुंचा था। तब पीड़ित की मां व उसका भाई मौके पर था। लड़की खेत में लेटी थी।
पीड़िता की भाभी ने कहा था- हम छोटू को नहीं पहचानते
इससे पहले शनिवार को सीबीआई टीम ने बुलगढ़ी गांव पहुंचकर पीड़िता की भाभी और मां से 5 घंटे तक पूछताछ की थी। चश्मदीद छोटू के बारे में सवाल-जवाब किए थे। लेकिन, उन्होंने साफ कहा कि वे उसे नहीं जानतीं। इससे पहले टीम एक बार फिर घटनास्थल पर भी पहुंची। इसके बाद टीम दो गाड़ियों से पीड़िता के घर पहुंची। जाते-जाते टीम अपने साथ पीड़िता के कुछ कपड़े ले गई। पीड़िता की भाभी ने बताया- टीम ने उनसे लड़की के बारे में पूछा। यही कि वह किस तरह की थी। उसका व्यवहार कैसा था। इसके अलावा किसी छोटू नाम के चश्मदीद के बारे में भी बातचीत की। हमें उसका फोटो दिखाया। लेकिन, हम उसे नहीं जानते। उसे इससे पहले कभी नहीं देखा।
जिस खेत में लड़की मिली थी, वो छोटू का है
हाथरस केस में चश्मदीद होने का दावा करने वाले छोटू (20 साल) ने सीबीआई टीम को बताया है कि जिस खेत में लड़की मिली थी, वह उसका ही है। उसका कहना था कि घटना वाले दिन वह खेत में चारा काट रहा था, तभी चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचा तो लड़की खेत में पड़ी थी। उसका भाई और मां खड़े हुए थे।
जानें पूरा मामला
हाथरस जिले के चंदपा इलाके के बुलगढ़ी गांव में 14 सितंबर को 4 लोगों ने 19 साल की दलित लड़की से गैंगरेप किया था। आरोपियों ने लड़की की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी थी। परिजन ने जीभ काटने का भी आरोप लगाया था। दिल्ली में इलाज के दौरान 29 सितंबर को पीड़िता की मौत हो गई थी। चारों आरोपी जेल में हैं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि लड़की के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2FEFUKH