उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में पूर्व सांसद व बाहुबली नेता अतीक अहमद और उनके गिरोह पर पुलिस और प्रशासन का एक्शन जारी है। रविवार को अतीक के सबसे करीबी गुर्गे और शूटर जुल्फिकार अली उर्फ तोता का पांच करोड़ रुपए कीमती मकान जेसीबी लगाकर ध्वस्त कर दिया गया। यह तीन मंजिला मकान धूमनगंज कोतवाली अंतर्गत कसारी मसारी मोहल्ले में था। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने की है। पीडीए का कहना है कि मकान का निर्माण अवैध था।
जेल में बंद है ताेता, वहीं से हत्या कराने का आरोप
हार्डकोर अपराधी तोता इस वक्त जेल में बंद है। तोता ने अतीक के इशारे पर कई हत्याओं को अंजाम दिया है। कैंट थाना क्षेत्र के बेली गांव में डबल मर्डर में भी तोता मुख्य आरोपी है। इसके अलावा बेनीगंज में रवि पासी की हत्या इसने जेल में बैठ कर ही करा दी थी। हाल ही में रवि पासी के परिजनों को जेल से धमकी देने के मामले में भी इसका नाम सामने आया था।
अतीक का राइट हैंड, 40 मुकदमे दर्ज
जुल्फिकार उर्फ तोता अतीक अहमद का राइट हैंड माना जाता है। वह शहर के खुल्दाबाद, कैंट, करेली और धूमनगंज कोतवाली में हत्या, जानलेवा हमले, लूट, रंगदारी समेत 40 मुकदमों में नामजद है। तोता के पिता अंसार बाबा भी अतीक के काफी विश्वस्त रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/345NJCy