उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले तीन साल की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने 23 साल के आरोपी को मौके से दबोचकर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वहीं, पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसकी हालत गंभीर है।
मां बिस्तर पर बच्ची को सुलाकर शादी में गई थी
यह मामला कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। आरोप है कि सोमवार की रात तीन वर्षीय बच्ची को उसकी मां बिस्तर पर सुलाकर पड़ोस में आयोजित विवाह कार्यक्रम में गयी थी। रात्रि करीब तीन बजे के आसपास पड़ोसी गांव बेरामारुफपुर निवासी राजू घर में घुसा और उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी मौके पर ही था कि मां मौके पर पहुंच गई। उसने शोर मचाना शुरू किया तो आस पड़ोस के लोग जुट गए। आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई की गई। इसके बाद पुलिस को बुलाकर उसे उनके हवाले कर दिया गया।
गांव वालों व पुलिस की मदद से बच्ची को आनन-फानन में सीएचसी कादीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उसे सुल्तानपुर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। फिलहाल मौके पर पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र कुमार व कोतवाली कादीपुर के प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा पूरी टीम के साथ स्थित पर नजर बनाए हुए है।
आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
एसपी सुल्तानपुर शिवहरी मीना ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। तत्काल बच्ची को इलाज के लिए भेजा और आरोपी को हिरासत में लिया गया। मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट का इंतजार है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35h9LTa