केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री और फतेहपुर की सांसद साध्वी निरंजन ज्योति कोरोना संक्रमित हो गई हैं। ट्रू-नॉट परीक्षण में शुक्रवार देर रात पुष्टि होने के बाद उन्हें कोविड आइसीयू में शिफ्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें दोनों फेफड़ों में निमोनिया भी है। उनके साथ आई सहायक और एक अन्य व्यक्ति की एंटीजन जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई।
केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को सांस लेने में तकलीफ होने पर शुक्रवार देर रात एलएलआर हॉस्पिटल (हैलट) के मेडिसिन आइसीयू में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक उनके दोनों फेफड़ों में संक्रमण की वजह से निमोनिया भी हो गया है। कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि के लिए ट्रू-नॉट जांच के लिए सैंपल लिया गया, जो पॉजिटिव आया है।
सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द के बाद किया गया भर्ती
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज की उप प्राचार्य प्रो. रिचा गिरि ने बताया कि साध्वी को सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द और भारीपन की शिकायत पर लक्ष्मीपत सिंहानिया हृदय रोग संस्थान (कार्डियोलॉजी) में दिखाया गया था। वहां जांच में हृदय संबंधी कोई दिक्कत नहीं मिली। फेफड़ों में इंफेक्शन होने पर सीएमओ डॉ.अनिल मिश्र देर रात उन्हें लेकर हैलट इमरजेंसी पहुंचे। जहां कोरोना का संदेह जताते हुए एंटीजन कार्ड से जांच की गई, रिपोर्ट नेगेटिव आई। ट्रू-नॉट जांच के बाद देर रात आई रिपोर्ट में वह कोरोना संक्रमित निकलीं।
तीन दिन पहले भी दिल्ली में आया था बुखार
साध्वी को तीन दिन पहले दिल्ली में बुखार भी आया था। दिल्ली में तीन दिन पहले वह दो लोगों के संपर्क में आईं थीं, जो बाद में कोरोना संक्रमित मिले। दिल्ली से यहां आने के बाद से उन्हें सांस लेने में दिक्कत शुरू हो गई थी, इसलिए उन्हें मेडिसिन आइसीयू में निगरानी में रखा गया था, लेकिन कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर उन्हें न्यूरो साइंस सेंटर स्थित कोविड आइसीयू में शिफ्ट कर दिया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2KMqm9U