उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। यहां दलित दो सगी बहनों (12 साल और 08 साल) का शव सोमवार रात गांव के बाहर तालाब में उतराता मिला। पुलिस मौका-ए वारदात पर पहुंचकर दोनों शवों को तालाब से बाहर निकाला। परिवार वालों के मुताबिक दोनों बहनों के हाथ धान के पुआल से बंधे थे। सिर और कान पर किसी धारदार हथियार से चोट के निशान थे। इतना ही नहीं दोनों नाबालिग बच्चियों के एक-एक आंखें भी फोड़ दी गई थी। ऐसे में परिवार वालो ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जाहिर की है। हालांकि परिवार के आरोपों से इतर पुलिस बच्चियों की मौत का कारण तालाब में डूबने से बता रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
रेप की जताई आशंका तो भड़की पुलिस, चाचा को हिरासत में लिया
यह पूरी घटना असोथर थाना इलाके की है। एसपी प्रशांत वर्मा सहित कई थानों के पुलिस फोर्स के साथ मौका-ए वारदात पर पहुंचे। घटना स्थल पर मौजूद मृतका के चाचा ने शव देखने के बाद रेप के बाद हत्या की आशंका जाहिर किया तो पुलिस उस पर भड़क गई। पुलिस ने तालाब में डूबने से मौत की बात कहते हुए पहले तो मृतका के चाचा को दबाने का प्रयास किया। जब वह नहीं माना तो पुलिस उसे अपने हिरासत में लेकर थाने लेकर चली गई। जिसके बाद परिवार वालो ने पुलिस की गुंडागर्दी का विरोध किया तो पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
परिवार वालों के मुताबिक सोमवार की शाम दोनों सगी बहने चने का साग तोड़ने के लिए खेतों की तरफ गई हुई थी। जब वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी खोजबीन करना शुरू किया। देर रात दोनों का शव तालाब में पड़ा हुआ मिला। घटना के बाद मृतका की मां ने आशंका जताई कि उसकी एक बेटी से पहले रेप की वारदात को अंजाम दिया गया। जब दूसरी बेटी ने विरोध किया होगा तो दोनों की आंखें फोड़कर हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया। वहीं जब उसके देवर ने रेप के बाद हत्या किए जाने की बात पुलिस से कही तो पुलिस उसे वर्दी का रौब दिखाकर जबरन अपने साथ थाने उठा ले गई।
पानी में डूबने से हुई मौत
वहीं, इस मामले में एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया की असोथर थाना क्षेत्र में छिछनी गांव के तालाब में दो नाबालिग बच्चियों की लाश मिली है। गांव वालों के मुताबिक दोनों बच्चियां तालाब में सिंघाड़ा तोड़ने आई थीं, जहां गहरे पानी में डूबने से दोनों लोगों की मौत हो गई है। इस सम्बन्ध में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2HbATtO