फ्रांस में हुए आतंकी हमले और पैगंबर पर बनाए गए कार्टून को लेकर विवाद जारी है। इसको लेकर भारत के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए। 29 अक्टूबर को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में भी छात्रों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान छात्र नेता फरहान जुबैरी ने भड़काऊ भाषण दिया। इस मामले का सोमवार को वीडियो सामने आने के बाद सिविल लाइन थाने में फरहान पर केस दर्ज किया गया है। जुबैरी ने ईसाइयों के कत्लेआम को सही ठहराया था। जुबैरी AIMIM के नेता भी हैं।
फरहान ने उगले थे जहर
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए AMU छात्र नेता और AIMIM नेता फरहान जुबैरी ने कहा कि, अगर कोई पैगंबर मोहम्मद साहब की तरफ एक उंगली भी उठाएगा तो हम उसकी उंगली तोड़ देंगे और अगर कोई आंख उठा कर देखेगा तो उसकी आंखें निकाल लेंगे और अगर कोई उनका अपमान करेगा तो उसका सर कलम कर देंगे। क्योंकि हमारी बुनियाद कलमे से है “ला इलाहा इल्लालह मुहम्मदर रसूल्लाह। फरहान ने नीस पर हुए हमले को जायज ठहराया था।
फरार आरोपी की तलाश जारी
भड़काऊ भाषण का वीडियो वायरल होने पर थाना सिविल लाइन में एफआईआर दर्ज की गई है। एसपी सिटी अभिषेक ने बताया कि 29 अक्टूबर को किए गए प्रदर्शन के मामले में फरहान जुबैरी के खिलाफ भड़काऊ बयान देने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। उस पर 153ए और 506 आईटी एक्ट की धाराएं लगाई गई है। वह फरार है। उसकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jSIieK