उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार की रात एक अफगानिस्तानी मूल की युवती को उसके ही दोस्तों ने हाईवे पर चलती कार से धक्का देकर उतार दिया और मौके से फरार हो गए। महिला की शिकायत पर दौराला पुलिस ने चार आरोपियों पर केस दर्ज किया है। आरोपित भी अफगानिस्तान के रहने वाले हैं। रात में ही पुलिस ने पीड़ित महिला को दिल्ली के निजामुद्दीन थाना पुलिस के सुपुर्द किया है। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। यह पूरा मामला एनएच 58 पर सिवाया टोल प्लाजा के पास का है।
तीन दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने गई थी महिला
अफगानिस्तान की रहने वाली 40 साल की सेल्वा नई दिल्ली में आश्रम के पास 22-भोगल कॉलोनी में रहती है। यहां अन्य कई परिवार भी रहते हैं, जो अफगान मूल के हैं। दो दिन पहले सेल्वा अपने दोस्त मोहम्मद मुल्ला, सद्दीक और तबस्सुम के साथ कार से हरिद्वार-ऋषिकेश घूमने गए थे। रविवार रात सभी वापस दिल्ली जा रहे थे। जब ये लोग हाइवे पर सिवाया टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो इनमें किसी बात को लेकर आपस में गाली गलौच और मारपीट हुई।
महिला का आरोप है कि उसके साथियों ने मारपीट कर उसे जबरन चलती कार से धक्का देकर उतार दिया और उसका सामान अपने साथ लेकर चले गए। महिला को सड़क पर बदहवास हालत में लोगों ने देखा तो उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला से बात की। महिला की हिंदी और अंग्रेजी ठीक से नहीं बोल पा रही थी, इसलिए उसकी बात समझने में पुलिस को काफी परेशानी भी हुई।
महिला को दिल्ली भेजा गया
थाना प्रभारी ने पूरी घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। जिसके बाद दौराला पुलिस महिला को लेकर थाने पहुंची। यहां इस विदेशी महिला ने अपने दोस्त मोहम्मद मुल्ला, सद्दीक, मुस्तफा और तबस्सुम के खिलाफ थाने में तहरीर दी। यह महिला फिलहाल दिल्ली के भोगल में रह रही है। पुलिस ने रात में ही महिला की तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई कर एक महिला पुलिस कर्मी के साथ उसे दिल्ली भिजवा दिया। सीओ दौराला संजीव दीक्षित के मुताबिक अफगानिस्तान की महिला ने अपने दोस्तों पर ही मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच करायी जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/326xPX3