उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक कोटे की 11 रिजर्व सीटों पर हुए चुनाव के परिणाम अभी पूरे नहीं आए हैं। लेकिन सबसे बड़ा उलटफेर मेरठ खंड शिक्षक सीट पर हुआ है। यहां बीते 48 सालों से चुनाव जीतते आ रहे शिक्षक गुट के ओम प्रकाश शर्मा (OP Sharma) को करारी हार मिली है। भाजपा उम्मीदवार श्रीचंद शर्मा ने चुनाव जीत लिया है। दूसरी ओर स्नातक सीट की मतगणना अभी जारी है। इस सीट पर भी भाजपा के उम्मीदवार दिनेश गोयल आगे चल रहे हैं।
8 बार के MLC रहे OP को 4184 वोटों से मिली हार
मेरठ खंड शिक्षक सीट पर भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा ने प्रथम वरीयता के मतों में 4184 मतों से ओमप्रकाश शर्मा को हरा दिया है। द्वितीय वरीयता की गिनती में भी श्रीचंद शर्मा को 315 मत और मिले हैं। इस तरह से भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव जीत लिया। कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। वहीं दूसरी ओर स्नातक सीट पर भी भाजपा के दिनेश कुमार गोयल आगे चल रहे हैं। स्नातक सीट पर मतों की गिनती का काम दो दिन में पूरा होने की संभावना जतायी गई है।
कौन हैं श्रीचंद शर्मा?
भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा मूल रूप से गौतमबुद्धनगर जिले के धूम मानिकपुर गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह मेरठ महानगर के जिला प्रभारी हैं। वर्ष 2013 से 2016 तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं। जिला गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख भी श्रीचंद शर्मा वर्ष 2000 से 2003 तक रहे। इससे पहले विहिप के जिला प्रमुख का दायित्व भी संभाला। भट्टा पारसौल किसान आंदोलन का तीन माह तक नेतृत्व किया और तीन दिन इस आंदोलन में गिरफ्तार होने के बाद जेल में भी रहे। इसके अलावा श्रीचंद शर्मा गोकशी के खिलाफ आंदोलन , कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ हुए आंदोलन में भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। इनके बारे में बताया गया कि वह विभिन्न सामाजिक समस्याओं को लेकर किए गए आंदोलनों में करीब 12 बार जेल गए। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी श्रीचंद शर्मा को शाहदरा का जिला प्रभारी बनाया गया था।
पहले राउंड से BJP कैंडीडेट ने बनाई बढ़त
मेरठ खंड शिक्षक और स्नातक सीट से एमएलसी चुनाव की मतगणना मेरठ में परतापुर कताई मिल परिसर में की जा रही है। खंड शिक्षक सीट के लिए हुए चुनाव के पहले राउंड की गिनती में सात हजार मतों की गणना में भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा को 2854 वोट और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी व निवर्तमान एमएलसी ओमप्रकाश शर्मा 894 वोट मिले। तीसरे स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी व शिक्षक नेता उमेश चंद्र त्यागी रहे। उन्हें 718 वोट मिले।
अंतिम राउंड में निर्णायक बनी जीत
दूसरे राउंड की गिनती में भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा को 2562 वोट मिले। ओमप्रकाश शर्मा को 1162 वोट और उमेश चंद त्यागी को 852 वोट मिले। तीसरे और अंतिम राउंड में भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा को कुल 7187, ओमप्रकाश शर्मा को 3003, उमेश चंद त्यागी को 2162 वोट मिले। इस तरह शिक्षक सीट से प्रथम वरीयता के अंतिम राउंड में भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा ने 4184 वोटों के अंतर से निर्णायक बढ़त बनायी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2I87yki