जिला मुख्यालय से लगभग 20 किमी दूर एनएच-47 पर माछलिया घाट के पास खाखरा पुलिया पर देर रात यात्री बस पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में करीब 70 लोग घायल हुए हैं। वहीं एक महिला की मौत हुई, पांच घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। बस यूपी के बनारस से गुजरात के सूरत जा रही थी। सभी यात्री यूपी से रोजगार और काम धंधे के लिए गुजरात जा रहे थे। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
दुर्घटनाग्रस्त बस से घायलों को कांच तोड़कर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। बचाव कार्य में जुटे लोगों ने बस के कांच तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में घायलों को इलाज के लिए झाबुआ जिला अस्पताल और रामा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। बस में सवार यात्रियों का कहना हैं कि बस चालक रास्ते भर शराब पीते हुए वाहन चला रहा था। इसी वजह से यह हादसा हुआ हैं।
36 की अनुमति में 90 सवारी
लोगों का आरोप है कि यूपी से बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में पलायन कर रहे हैं। परिवहन के साधन कम हैं। ऐसे में बस मालिक उनकी मजबूरी का फायदा उठा रहे हैं। 36 लोगों की अनुमति के बावजूद 90 लोगों को बस में बैठाया जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त बस में भी 90 सवारी थी।
हादसे का कारण जर्जर पुलिया
जिस जगह खाखरा पुलिया पर यह हादसा हुआ, वहां आए दिन हादसे होते हैं। कई बार लंबा जाम लगा रहता है। एनएच 47 में माछलिया घाट का काम अधूरा है। यहां जर्जर हो चुकी पुलिया लगातार हादसों का कारण बन रही है। कई बार शिकायत के बाद भी नेशनल हाईवे ऑथोरिटी पुलिया निर्माण में तेजी नहीं दिखा पा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2KBTC2M