उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में अज्ञात हमलावरों ने दुस्साहसिक तरीके से एक युवक की पुलिस चौकी के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना से गुस्साई भीड़ ने थाने पहुंच कर हंगामा किया। विधायक संगीत सोम ने भी पुलिस को 24 घंटे का समय घटना का खुलासा करने के लिए दिया।
युवा व्यापारी की हत्या की यह घटना सरधना कसबा में पुलिस चौकी के पास दौराला रोड पर हुई। देर शाम मोहल्ला खेवान निवासी दीपक (27) पुत्र ओमपाल अपने एक अन्य साथी सुमित के साथ जिम से कसरत करने के बाद एक होटल पर खाना खाने के लिए गया था।
बताया गया कि जब वह खाना खाकर वापस बाइक से घर की और लौट रहे थे तभी बाइक सवार दो हमलावर वहां पहुंचे और उन्होंने बाइक पर बैठे दीपक को गोली मार दी। गोली लगने पर दीपक बाइक से गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ लोग गोली लगने से घायल दीपक की ओर दौड़े लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
घर का इकलौता चिराग था दीपक
दीपक की कसबे में ही जूतों की दुकान थी। बताया गया कि वह परिवार का इकलौता चिराग था। परिजनों को जब दीपक की मौत का पता चला तो घर में कोहराम मच गया। घटना से गुस्साए लोग थाना सरधना पहुंचे और वहां हंगामा कर दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी विनय कुमार और सीओ सरधना आरपी शाही ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोगों को गुस्सा शांत नहीं हुआ।
लोगों ने कहा कि पुलिस चौकी के पास हत्या हो रही है और पुलिस को पता तक नहीं चलता। कहा कि क्षेत्र में अपराध बढ़ रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। थाने में पीड़ित की सुनवाई नहीं होती। चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक हमलावर गिरफ्तार नहीं होगे शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
विधायक बोले 24 घंटे में हो घटना का खुलासा
घटना की सूचना मिलने पर सरधना के भाजपा विधायक संगीत सोम भी वहां पहुंच गए। उन्होंने भी घटना को लेकर अपनी नाराजगी पुलिस के प्रति जतायी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि हमलावरों का 24 घंटे में पता लगाकर कार्रवाई करें। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी देहात केशव कुमार भी वहां पहुंचे।
उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। देर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2JYxRKG