उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में शनिवार देर रात एक बेकाबू कार ने मोपेड को टक्कर मारते हुए सड़क की पटरी पर सो रहे पांच लोगों को कुचल दिया। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई, लेकिन सभी गंभीर रुप से घायल हो गए। आरोपी ड्राइवर नशे में था। स्थानीय लोगों ने उसे दबोचकर पीट दिया। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घायलों को बीएचयू में भर्ती करवाया गया है। तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।
यह मामला भेलूपुर थाना अंतर्गत पद्मश्री चौराहे के पास का है। यह क्षेत्र मलिन बस्ती का है। सीओ चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि चौराहे के पास लोग सड़क किनारे सो रहे थे। तभी एक बेकाबू कार ड्राइवर ने एक मोपेड सवार को टक्कर मारी। उसके बाद सड़क किनारे सो रहे तीन महिलाओं व एक बच्चे को कुचल दिया। इससे सभी घायल हो गए। घायलों की पहचान रूबी (23 साल), अबी (02 साल), बबली (24 साल), अनामिका (14 साल) के रुप में हुई है। सभी को बीएचयू में भर्ती करवाया गया है। रूबी गर्भवती भी है। मोपेड सवार को हल्की चोट आई थी। उसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
कार ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में लिया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची तो जवानों से लोगों की नोकझोंक भी हुई। कार ड्राइवर की की पहचान गढ़वा जिले के आशीष कुमार के रुप मे हुई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dCxEHv